राजस्थान संपर्क और गुड गवर्नेंस पर रहेगा खास फोकस
Deoli News 3 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिले की नई जिला कलक्टर और जिला मजिस्ट्रेट के रूप में वर्ष 2015 की यूपीएससी टॉपर टीना डाबी ने शुक्रवार को विधिवत कार्यभार संभाल लिया। कलेक्ट्रेट परिसर में पदभार ग्रहण करने की यह प्रक्रिया पूरी हुई।
कार्यभार संभालने के तुरंत बाद टीना डाबी ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज आमजन की शिकायतों का केवल निस्तारण ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के ‘मुख्यमंत्री विकसित ग्राम, शहरी वार्ड अभियान’ के तहत जिले के सर्वांगीण विकास के लिए एक ठोस एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आ सके। सुशासन पर ध्यान केंद्रित करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार की 25 फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचाया जाएगा।
साथ ही आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान उनकी कार्यशैली का अहम हिस्सा रहेगा। पदभार ग्रहण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौकरियां, सीईओ परशुराम धानका, एसडीएम टोंक हुक्मीचंद रोहलानिया और एसडीएम निवाई प्रीति मीना उपस्थित रहे। गौरतलब है कि 2015 की सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीना डाबी टोंक से पूर्व जैसलमेर और बाड़मेर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में जिला कलक्टर के रूप में अपनी कुशल सेवाएं दे चुकी हैं।




