Deoli News 5 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के गणेश रोड स्थित मुख्य श्मशान घाट में अंतिम यात्रा में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल मोक्षधाम में लगे टीनशेड काफी पुराने होने से गल चुके हैं।
वहीं कई जगहों से टूट भी गए हैं। बारिश में टूटे हुए टीनशेड से पानी नीचे अंतिम संस्कार के प्लेटफार्म तक पहुंच रहा है, जिससे वहां पर पानी का भराव हो जाता है। पानी भरने से अंतिम संस्कार के लिए भी मशक्कत करनी पड़ रही है। शनिवार को भी साकेत कॉलोनी निवासी एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के वक्त टीनशेड से पानी नीचे आ गया। इसी तरह अंतिम संस्कार के लिए काम आने वाली लकड़ियां भी टीनशेड टूटे होने की वजह से भीग रही है।
लिहाजा शहर के इस प्रमुख श्मशान घाट की दयनीय स्थिति सुधारने आवश्यकता है, ताकि कम से कम अंतिम संस्कार में परेशानी का सामना न करना पड़े।


