-
टोंक जिले से जुड़ेगी रेलवे लाइन
-
वर्षों पुराना सपना होगा पूरा
-
कोटा-अजमेर मार्ग पर 15 रेलवे स्टेशन व 14 यार्ड बन सकते हैं
(आशीष बागड़ी)
Deoli News 3 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बजट में राजस्थान के अजमेर मंडल को नई रेल लाइन बिछाने को लेकर बड़ी सौगात मिली है। तीन सेक्शन में नई रेल लाइन बिछाने के लिए 200 करोड़ 3 लाख रुपए का बजट आवंटित हुआ है। इस बजट में अब टोंक जिले का वर्षों पुराना सपना साकार होने वाला है।
रेल बजट के बाद टोंक रेलवे लाइन से अजमेर, सवाई माधोपुर से सीधा जुड़ जाएगा। इसके अलावा पुष्कर- मेड़ता, अजमेर-कोटा और अजमेर-सवाई माधोपुर वाया टोंक रेल लाइन बिछाने के लिए बजट भी शामिल है। अजमेर रेलवे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक चौहान के अनुसार अजमेर मंडल को तीन सेक्शन में नई रेल लाइन बिछाने के लिए 200 करोड़ 3 लाख का बजट आवंटित हुआ है। इसमें अजमेर-मेड़ता के बीच 59 किलोमीटर ट्रैक के लिए 50 करोड़ एक लाख रुपए, अजमेर-कोटा के लिए वाया नसीराबाद, जलन्धरी के बीच 145 किलोमीटर लंबे ट्रैक के लिए 50 करोड़ एक लाख रुपए और अजमेर-सवाई माधोपुर वाया टोंक के लिए नसीराबाद-सवाई माधोपुर के बीच 165 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बिछाने के लिए 100 करोड़ 1 लाख का बजट मिला है।
यह मांग पिछले काफी वर्षों से उठाई जा रही ही है। अजमेर-सवाई माधोपुर रेलवे लाइन में टोंक भी जुड़ेगा। इसके बाद टोंक की कनेक्टिविटी रेलवे लाइन से हो जाएगी। गौरतलब है कि काफी वर्षों से रेलवे लाइन से टोंक को जोड़ने के लिए आंदोलन किए गए।
अजमेर से कोटा के बीच में घटेगी दूरी
अजमेर से कोटा के बीच रेलवे लाइन नहीं है। इसके चलते अजमेर से कोटा के बीच के लिए वाया चित्तौड़गढ़ होकर ट्रेन चलती है। जिसमें अधिक दूरी और समय भी अधिक लगता है। लेकिन अब नई रेल लाइन बिछ जाने के बाद अजमेर-कोटा आपस में सीधे रेलवे लाइन से जुड़ जाएंगे, जो वाया नसीराबाद जलन्धरी से होते हुए रेल लाइन निकलेगी। इससे अजमेर कोटा के बीच की दूरी और समय भी घटेगा।
अजमेर-कोटा रेल लाइन में यह हो सकते हैं! रेलवे स्टेशन
प्रस्तावित अजमेर-कोटा नई रेल परियोजना के तहत लोहरवाड़ा, जसवंतपुरा, सराणा, गोयला, सरवाड़, सूरजपुरा, कालेड़ा कृष्णा गोपाल, बाजटा, देवली, लुहारीकलां, गोकुलपुरा, नरवा, मोतीपुरा, जलंधरी सहित 15 रेलवे स्टेशन हो सकते हैं। इन स्टेशनों पर यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी।
इस दौरान 14 रेल यार्ड बनाए जाएंगे। जनसंपर्क अधिकारी अशोक चौहान ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में नई रेलवे लाइन में कौन-कौन से रेलवे स्टेशन होंगे। इसके संबंध में विस्तार से जानकारी आने के बाद ही कुछ बताया जा सकेगा।


