शहर में जलापूर्ति की समस्या बताई
Deoli News 3 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अजमेर संभागीय आयुक्त महेश चंद्र शर्मा व आईजी लता मनोज कुमार के देवली दौरे के दौरान शुक्रवार देर शाम भाजपा मंडल के पदाधिकारी ने उनसे मुलाकात की तथा शहर की समस्याएं बताई।
यह मुलाकात मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणावत की अगवाई में बीसलपुर सर्किट हाउस के मीटिंग हॉल में हुई। यहां मंडल अध्यक्ष राणावत ने बताया कि शहर में जलापूर्ति की समस्या अधिक है। लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। जबकि गर्मी में यह स्थिति ज्यादा विकट हो जाती है। उन्होंने देवली की जलापूर्ति मात्रा पृथक से करने तथा शहर से सटे हनुमान नगर क्षेत्र की जलापूर्ति की मात्रा अलग से करने की मांग की, ताकि दोनों क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पानी मिल सके। इस पर संभागीय आयुक्त ने जिला कलक्टर को उक्त मामले को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। वही जलदाय विभाग के अभियंताओं से चर्चा कर समाधान करने की बात कही। महेश अग्रवाल ने खाद्य सुरक्षा योजना का मामला उठाया। वहीं योजना में आ रही समस्या को उन्होंने आयुक्त से साझा किया। मीटिंग में दोनों अधिकारियों ने मंडल कार्यकर्ता व नेताओं से चर्चा की।
बैठक में शहर अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणावत, शिवजीराम प्रतिहार, रतन मंगल, राजीव गोयल, अंकित जैन, राकेश ओसवाल, नवल किशोर चतुर्वेदी, मुकेश मीणा, दीनदयाल, भारत सिंह समेत मौजूद थे। इसी तरह उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी मौजूद थे।


