Deoli News 7 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के टीकड़ गांव के समीप शनिवार शाम बाइक सवार एक सरकारी स्कूल के शिक्षक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस घायल शिक्षक को राजकीय चिकित्सालय देवली लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शिक्षक को मृत घोषित कर दिया। हेड कांस्टेबल कालूराम मीणा ने बताया कि मामले में रविंद्र पुत्र जगदीश बैरवा निवासी टोंक ने रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि उसके बड़े भाई राजेश (42) पुत्र जगदीश बैरवा सरकारी शिक्षक के रूप में बूंदी जिले के बड़ोदिया में कार्यरत है।
शनिवार शाम राजेश कुमार बाइक लेकर टोंक से रवाना हुए थे। वहीं करीब 6 से 7 बजे के बीच टीकड़ गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने राजेश को टक्कर मार दी, जिससे राजेश के सिर व शरीर पर गंभीर चोट आने के चलते मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



