Deoli News 9 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप के जहाजपुर तहसील की ज्योति कॉलोनी के निवासी लगातार जलभराव और नारकीय स्थितियों का सामना करने को मजबूर हैं। जो अब अपनी पीड़ा खुलकर बताने पर मजबूर हो चुके हैं।
क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल है, जिसके कारण बारिश का पानी और आसपास की गंदगी स्थानीय भूखंडों में जमा हो रही है। यहां के निवासियों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से आमजन का जीना दूभर हो गया है। मुख्य समस्या क्षेत्र के नालों के चौक होने के कारण उत्पन्न हो रही है। सड़क किनारे बने इन दोनों नालों की वर्षों से सफाई नहीं की गई है, जिस कारण बारिश का पानी आगे नहीं बढ़ पाता और खाली पड़े भूखंडों में भर जाता है। ड्रेनेज सिस्टम के काम न करने से स्थिति और भी विकट हो गई है। यह ओवरफ्लो होता गंदा और दूषित पानी अब बस्तियों की गलियों और सड़कों तक पहुंच चुका है। बरसात के दिनों में स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि लोगों को इसी गंदे और संक्रमित पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जो बेहद असुविधाजनक और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई वर्ष पूर्व इन नालों की एक बार सफाई हुई थी, जिसके बाद से ही प्रशासन और संबंधित विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। निवासियों ने सुझाव दिया है कि यदि गौतम धर्मशाला के दोनों ओर स्थित नालों की समुचित सफाई और मरम्मत कर दी जाए, तो जलभराव की समस्या का समाधान हो सकता है। फिलहाल, खाली भूखंडों में जमा यह दूषित पानी, कीचड़ न केवल दुर्गंध का कारण बन रहा है, बल्कि मच्छरों के पनपने के लिए एक आदर्श स्थान भी बन चुका है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
लोगों के अनुसार, यह इलाका ऊंचा ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता है, लेकिन जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से इस समस्या के प्रति लगातार उदासीनता बरती जा रही है, जिससे क्षेत्रवासी परेशान हैं।


