प्रेम विवाह करने से आरोपी था नाराज
Deoli News 21 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पुलिस थाना दूनी ने अपहरण के एक मामले में 6 माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। थाना प्रभारी हेमंत जनागल के अनुसार गत वर्ष 27 नवंबर 2024 को परिवादी नूतन पुत्र शंकर लाल जाट निवासी बंथली थाना दूनी ने एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसमें बताया कि उसके पिता शंकर लाल जाट का 26 नवम्बर को कुएं से वापस लौटते वक्त शाम 6 बजे अपहरण कर लिया गया है। शंकर लाल ट्रैक्टर लेकर वापस आ रहे थे। इस बीच कैंपर सवार लोगों ने उनका अपहरण कर लिया। पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए अपहृत शंकर लाल जाट को 24 घंटे के भीतर अराई इलाके से दस्तयाब कर लिया था, लेकिन अपहरणकर्ता मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने इन फरार आरोपियों की तलाश जारी रखी और आखिरकार 6 माह बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र पुत्र शुभकरण उर्फ भोमा जाट निवासी कालानाड़ा थाना अरांई जिला अजमेर और गजराज पुत्र शिवराज जाट निवासी टीकावड़ा थाना किशनगढ़ जिला अजमेर के रूप में हुई है। इनमें पुलिस ने पहले महेंद्र को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी महेंद्र जाट के फूफा बंथली निवासी नंदा जाट की पुत्री द्वारा अपहृत शंकर लाल जाट के पुत्र के साथ प्रेम विवाह करने से नाराज होकर आरोपी महेंद्र जाट ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बंथली से अपहरण किया था।
पुलिस ने बताया कि महेंद्र जाट के खिलाफ पुलिस थाना अराई जिला अजमेर में मारपीट, हत्या का प्रयास और अवैध हथियार के कई प्रकरण दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी में थानाधिकारी हेमंत जनागल के नेतृत्व में गठित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें हैडकांस्टेबल संदीप यादव, राजेंद्र, जीतराम, अरविंद और ओमप्रकाश टेपण शामिल थे।



