Deoli News 19 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना क्षेत्र के बास लक्ष्मणा गांव में एक महिला से अभद्रता, मारपीट और घर में तोड़फोड़ का मामला शुक्रवार को सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बास लक्ष्मणा निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उक्त घटना 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे हुई। वह अपने परिवार के साथ माताजी की रसोई में गई थी। इसी दौरान घर के बाहर खड़ी गाड़ी को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि आत्माराम मीणा ने महिला का हाथ पकड़ा और उसे गाड़ी में डालने की कोशिश की। महिला के चिल्लाने और खुद को छुड़ाकर घर की ओर भागने के बाद आरोपी लकड़ियां और सरिए लेकर उसके पीछे पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान बास लक्ष्मणा निवासी आत्माराम, धर्मराज, छोटूराम, मनराज, सीताराम, दिनेश, लेखराज, नरबदा, बरदी, कमला, बरजी और ललिता पर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत में बताया गया कि इन लोगों ने महिला और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। उन्होंने घर में तोड़फोड़ भी की। महिला के चिल्लाने पर ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि ये लोग पहले भी मारपीट कर चुके हैं। सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक महावीर प्रसाद अस्पताल पहुंचे और घायलों का उपचार, मेडिकल कराया।



