जय श्रीराम के नारों से गुंजा शहर
Deoli News 29 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में विराजमान होने के शुभ अवसर को महोत्सव के रूप में मनाने को लेकर देवली में शुक्रवार को पूजित अक्षत व कलश की भव्य रामभक्तों ने शोभायात्रा निकाली। इस मौके पर शोभायात्रा में शामिल रामभक्त भगवा ध्वज फहराते हुए चल रहे थे।
विहिप जिला मंत्री जसवंत सिंह चौहान व प्रखंड अध्यक्ष कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि शोभायात्रा महाराणा प्रताप सर्कल स्थित जीवन रक्षक हनुमान मंदिर से शुरू हुई, जो मुख्य बाजार होते हुए बंगाली कॉलोनी पहुंची। यहां से कीर मोहल्ले होते हुए पुनः छतरी चौराहे से पटवा बाजार होकर बस स्टैंड परिसर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंची, जहां पर अभिमंत्रित व पूजित अक्षत कलश को मंदिर में रखा गया। अक्षत कलश यात्रा का शहरवासियों ने कई जगहों पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। मार्ग में युवा व रामभक्त श्रीराम के साथ ही अब तो मंदिर बनने लगा है। अयोध्या सजने लगा है, जैसे नारे लगाते हुए साथ चल रहे थे। वहीं राम भक्त भजनों पर नाचते हुए चल रहे थे। अक्षत कलश यात्रा के मौके पर आरएसएस के नगर कार्यवाह नीरज सिंहल ने कार सेवक रामेश्वर साहू, श्यामलाल ग्वाला, रामसिंह ग्वाला, प्रेमचंद शर्मा, दिनेश गौतम, राजेंद्र बागड़ी, डीपी विजय, ज्ञानी, राधेश्याम शर्मा को माला पहनाकर सम्मान किया। सभी कार सेवक भी शोभायात्रा में शामिल होकर रामभक्तों का मनोबल बढ़ाते रहे। सुबह यात्रा में प्रवास पर आए विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राजाराम का भी मार्गदर्शन मिला।
अक्षत कलश यात्रा के समापन अवसर पर कार सेवक दिनेश गौतम ने शहरवासियों सहित सभी राम भक्तों का आभार जताया तथा अयोध्या में बनने वाले श्रीराम मंदिर के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया।


