अपनी डफली, अपना राग
Jahazpur News 10 अगस्त (मोहम्मद आजाद नेब) नए उप जिला चिकित्सालय के स्थान को लेकर जहाजपुर में विवाद अब आंदोलन का रूप ले चुका है। अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति ने 11 अगस्त मंगलवार को जहाजपुर बंद का आह्वान किया है। समिति का कहना है कि नागदी बांध के समीप मांडलगढ़ रोड पर करीब 44 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा अस्पताल कस्बेवासियों की सुविधा की दृष्टि से उचित स्थान पर नहीं है।
वहीं विधायक गोपीचंद मीणा ने बंद को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए लोगों से बंद के बजाय विकास का समर्थन करने की अपील की है। इस बीच मुस्लिम समाज ने भी बंद से दूरी बनाते हुए विकास कार्यों के साथ खड़े रहने की बात कही है। राज्य सरकार की ओर से विधायक मीणा की अनुशंसा पर करीब 44 करोड़ रुपए की लागत से तीन मंजिला उप जिला चिकित्सालय का निर्माण मांडलगढ़ रोड पर नागदी बांध के समीप उपलब्ध करीब 30 बीघा भूमि पर कराया जा रहा है। अस्पताल के स्थान को लेकर कुछ कस्बेवासी लगातार विरोध जता रहे हैं और इसे कस्बे के नजदीक बनाए जाने की मांग कर रहे हैं।

समिति ने अस्पताल के स्थान पर जताई आपत्ति
रविवार को अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति के शंकरलाल मंडोवरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता कर अस्पताल के प्रस्तावित स्थान को लेकर अपनी आपत्तियां सामने रखीं। समिति का कहना है कि वर्तमान निर्माण स्थल कस्बे से दूर है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और आमजन को अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। समिति ने नागदी बांध के समीप अस्पताल बनने से मेडिकल वेस्ट और अन्य अपशिष्ट के कारण जल प्रदूषण की आशंका भी जताई। समिति के अनुसार अस्पताल के स्थान को लेकर पूर्व में शासन-प्रशासन को कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में अब 11 अगस्त को बंद के माध्यम से विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया गया है। समिति की मुख्य मांग है कि वर्तमान निर्माण स्थल को निरस्त कर अस्पताल का निर्माण कस्बेवासियों की सुविधा के अनुरूप उपयुक्त स्थान पर कराया जाए।
विधायक बोले- 44 करोड़ का अस्पताल विकास की बड़ी सौगात
वहीं विधायक गोपीचंद मीणा ने बंद के आह्वान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए लोगों से विकास कार्यों का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि करीब 44 करोड़ रुपए की लागत से तीन मंजिला अत्याधुनिक उप जिला चिकित्सालय का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए करीब 30 बीघा भूमि उपलब्ध हुई है और स्थल चयन से पहले संबंधित अधिकारियों ने विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के बाद सरकार के स्तर पर स्थान को अंतिम रूप दिया। विधायक ने कहा कि अस्पताल नेशनल हाईवे के समीप होने से जहाजपुर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान अस्पताल को बंद नहीं किया जा रहा है, बल्कि वह सिटी डिस्पेंसरी के रूप में संचालित रहेगा। मीणा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग भ्रामक जानकारी के जरिए आमजन को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग विकास कार्य को बाधित कर आगामी पालिका चुनाव को देखते हुए राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं, लेकिन उनके मंसूबे सफल नहीं होंगे।
मुस्लिम समाज ने बंद से बनाई दूरी
बंद के आह्वान के बीच मुस्लिम समाज ने इससे दूरी बनाने का निर्णय लिया है। अंजुमन कमेटी आम मुसलमान के सदर नजीर मोहम्मद सरवारी ने कहा कि मुस्लिम समाज विकास के साथ है और समाज के व्यापारी बंद का समर्थन नहीं करेंगे। उन्होंने विकास कार्यों को लेकर समाज की सकारात्मक भूमिका की बात कही। इधर, बंद को सफल बनाने के लिए अस्पताल बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार कस्बे के गली-मोहल्लों में जनसंपर्क कर रहे हैं।



