Deoli News 10 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सोम प्रदोष और सावन के पावन महीने के चलते शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अभिषेक किया और दर्शन लाभ लिया।
शहर के बस स्टैंड परिसर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर, बावड़ी बालाजी स्थित शिव पंचायत, गाडोली महादेव, लकड़ीश्वर महादेव तथा बीसलपुर स्थित गोकेणेश्वर महादेव सहित विभिन्न शिव मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सोम प्रदोष और सावन का सोमवार होने से शिव भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध आदि से अभिषेक कर बेलपत्र अर्पित किए तथा शिव रक्षा स्त्रोत और पंचाक्षरी मंत्र का जाप किया। कई श्रद्धालुओं ने सोमवार का व्रत-उपवास भी रखा। शहर के जयपुर रोड निवासी नंदकिशोर साहू पूरे सावन माह में नियमित उपवास रख रहे हैं। वे दिन में केवल एक बार फलाहार कर रहे हैं। इसके साथ ही जयपुर रोड स्थित शिव पंचायत मंदिर में प्रतिदिन भगवान शिव का अभिषेक किया जा रहा है।
पं दिनेश कुमार सारस्वत द्वारा साहू को प्रतिदिन पूजा-अर्चना एवं अभिषेक करवाया जा रहा है। इसी तरह पेच की बावड़ी स्थित लकड़ीश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर बेलपत्र, बैंगन सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित कर पुण्य लाभ लिया। सावन के अवसर पर कुंवारी कन्याएं भी भगवान शिव का प्रतिदिन अभिषेक कर पूजा-अर्चना कर रही हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई शिवालयों में अभिषेक के लिए श्रद्धालुओं को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
सावन का महीना भगवान शिव की विशेष आराधना के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है, जिसके चलते पूरे महीने शिवालयों में धार्मिक आयोजन और पूजा-अर्चना का दौर जारी रहेगा।
देवली पहुंची श्री सांवलिया सेठ की पहली पदयात्रा, श्रद्धालुओं का हुआ स्वागत



