-
अजमेर कोटा बाइपास तिराहे पर गड्ढों से खराब स्थिति
-
आखिर कब तक सहन करें आमजन
Deoli News 15 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कोटा रोड स्थित अजमेर कोटा बाईपास पर क्षतिग्रस्त गड्डों की मरम्मत नहीं होने से परेशान लोगों ने मंगलवार सुबह जाम लगा दिया तथा प्रदर्शन शुरू किया है। जानकारी के अनुसार यह जाम राहगीरों, आसपास के लोगों व दुकानदारों ने लगाया है, जो उक्त समस्या से तंग आ चुके हैं।
इन लोगों का सब्र टूट चुका है। इस दौरान गोयल पेट्रोल पंप के सामने लोगों ने मुख्य सड़क पर पत्थर रख दिए एवं कुर्सियां, टेबल लगाकर मार्ग जाम कर दिया। लोगों का कहना है कि पिछले 5 महीने से तिराहे का यह हिस्सा पूरी तरह गड्ढे में तब्दील हो चुका है। दिनभर वाहनों का जाम लगता है। धूल के गुबार उठते हैं, जो आसपास के लोगों का स्वास्थ्य खराब कर रहे हैं। वही यहां से गुजरने वाले वाहनों का पलटने का अंदेशा बना रहा है। हालत यह है कि आसपास के दुकानदारों को जीना दुश्वार हो रहा है। कई बार मामला उजागर होने के बावजूद प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। लिहाजा लोगों ने हार थककर यहां सुबह करीब 9:30 बजे जाम लगा दिया है। सूचना पर समीप की हनुमान नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची है, जो लोगों से समझाइश कर रही है। हालांकि उक्त स्थिति से हनुमान नगर पुलिसकर्मी भी बेहद परेशान है।
जिन्हें रोज इस समस्या से दो-चार होना पड़ता है। दिन में कई बार लगने वाले जाम को पुलिसकर्मियों को ही हटाना पड़ता है। ऐसे में उनका कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। लेकिन प्रशासन व संबंधित विभाग इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। फिलहाल लोग अपनी मांगों पर अड़े हैं। वही दोनों, तीनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गई। संबंधित विभाग के लापरवाही से, वहां जाम में फंसे लोग, बसों के यात्री परेशान हो रहे हैं तो पिछले 6 महीने से क्षेत्रवासी दुखी हो चुके हैं।



