Deoli News 1 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) इटुंदा ग्राम पंचायत के गांव चांदादंड में विद्युत डीपी की शार्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।

ग्रामीण गोवर्धन लाल ने बताया कि इटुंदा निवासी चांद मोहम्मद के खेत पर साढ़े तीन बीघा फसल कटकर पड़ी थी। खेत में 11 हजार केवी लाइन की डीपी लगी हुई थी। डीपी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी आग की चपेट में आने से सारी फसल जलकर नष्ट हो गई। किसान ने बताया कि करीब 35 किवंटल गेंहू होने की संभावना थी। सूचना पर जहाजपुर से फायर ब्रिगेड मशीन ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जब तक फसल नष्ट हो चुकी थी।
अनीति से कमाया धन विनाश का कारण बनता है
हिसामपुर के राणक्या बालाजी मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में कथावाचक पं देव किशन शास्त्री ने कहा कि अनीति से कमाया गया धन समुचे परिवार के विनाश का कारण बन जाता है। उन्होंने धर्म की महिमा बताते हुए कहा कि धर्म के मार्ग पर चलने वाले का ईश्वर भी साथ देता है। शास्त्री ने दान का महत्व बताते हुए कहा कि व्यक्ति को सदैव अपनी नेक कमाई का दशांश गो, गंगा, गोपाल के निमित निकालना चाहिए, ताकि धर्म सुरक्षित रहे।
व्यक्ति को भगवान के भजन में वार, मुहूर्त का विचार नहीं करना चाहिए। फैशन के दौर में व्यक्ति मुहूर्त देखकर मन्दिर, भजन सत्संग को जाता है, जबकि काल मृत्यु का एक पल का भी कोई भरोसा नहीं है। भजन के लिए उम्र की बाध्यता नहीं है। अंत में ध्रुव चरित्र सुनाकर संदेश दिया कि भगवान की भक्ति बचपन से होनी चाहिए पचपन में नहीं। इस दौरान शिव पार्वती विवाह की सजीव झांकी के साथ शिव विवाह की कथा सुनाई।



