-
चांदली पंचायत में विकास कार्यों की अनियमितताओं के आरोप को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
-
सात साल के कार्यों की जांच की मांग
Deoli News 13 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के चांदली गांव में मंगलवार शाम ग्राम पंचायत में कथित अनियमितताओं को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने पंचायत कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पंचायत के विकास कार्यों की जांच की मांग करते हुए धरना दिया।
इस दौरान पंचायत भवन के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया, जिससे पंचायत सचिव और एलडीसी अंदर रह गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चांदली से सांडेश्वर महादेव जाने वाली सड़क के ग्रेवल निर्माण मय रपटे के कार्य के लिए 18 लाख 76 हजार 513 रुपए की स्वीकृति जारी हुई थी। ग्रामीणों का दावा है कि इसमें करीब 10 लाख रुपए का भुगतान उठा लिया गया, लेकिन मौके पर निर्माण कार्य नहीं हुआ।
इसी प्रकार सांडेश्वर महादेव चारागाह में नवीन नाड़ी निर्माण कार्य में भी अनियमितता का आरोप लगाया गया। ग्रामीणों ने पंचायत समिति के विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पिछले सात वर्षों के सभी विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने तथा अनियमितता प्रमाणित होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पंचायत समिति के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर समझाइश की।
इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। ग्रामीणों ने आरोपों की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग बताई।


