Deoli News 30 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के कासीर रीको मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 6 बजे हुए मिनी ट्रक हादसे के बाद मृतक के भाई ने ईंट भट्ठा संचालक और विद्युत निगम के विरुद्ध लापरवाही की रिपोर्ट दी है।
पुलिस ने बताया कि यह रिपोर्ट मृतक के भाई जितेंद्र सिंह राजपूत मानपुरा माचेड़ी तहसील आमेर जयपुर ने रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि उन्हें सोमवार सुबह 7 बजे सूचना मिली कि उनके भाई गजेंद्र सिंह की दुर्घटना में मौत हो गई। रिपोर्ट में बताया कि उनका भाई संथली स्थित ओम भट्ट मालिक राकेश चौधरी के यहां चालक का काम करता था। आज सुबह 4:30 बजे वह ईंट से भरा ट्रक लेकर केकड़ी के लिए रवाना हुआ। यहां रीको मार्ग पर 11 हजार केवी तार झूल रहा था। इसके संपर्क में आने से ट्रक में करंट दौड़ गया और उनके भाई गजेंद्र सिंह की मौत हो गई।
रिपोर्ट में आरोप लगाया कि भट्ठा संचालक राकेश चौधरी ने जबरन गजेंद्र को गाड़ी ले जाने के लिए दबाव बनाया। जबकि सोमवार को अमावस थी। मजदूर व चालक अवकाश पर थे। इसके बावजूद गजेंद्र पर माल पहुंचाने का दबाव बनाया गया। मामले में विद्युत निगम कर्मचारी एवं ईंट भट्ठा संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

बड़ा हादसा : बिजली के तारों से छुआ मिनी ट्रक, झुलसकर एक जने की मौत


