Deoli News 6 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दिनेश कुमार जलुथरिया, अपर जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक ने शनिवार को रालसा स्पोर्ट्स फॉर अवेयरनेस उड़ान 2.0 प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
यह प्रतियोगिता विशेष योग्यजनों के लिए आयोजित की जा रही है, जिसमें जिला, संभाग और राज्य स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों के माध्यम से विधिक चेतना अभियान चलाया जा रहा है। उद्घाटन समारोह विमंदित मानसिक पुनर्वास गृह मानव धर्म सेवा संस्थान देवली में आयोजित किया गया। न्यायाधीश ने कहा कि दिव्यांगजन के प्रति समाज में संवेदनशीलता का माहौल बनाने और उनके सपनों को साकार करने के लिए रालसा द्वारा यह पहल की जा रही है। प्रतियोगिता में जिला स्तर पर प्रथम स्थान पर आने वाली टीम और एकल प्रतिभागी संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे, जबकि संभाग स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।
विजेता टीम और प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, मेडल और प्रमाण पत्र सौपकर पुरस्कृत किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के बाद सचिव ने विमंदित मानसिक पुनर्वास गृह का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बालकों के आवास और खानपान की व्यवस्था उत्तम पाई गई। रजिस्टर्ड 87 बालकों में से 50 बालक उपस्थित पाए गए।


