सर्कल देवली के थाना प्रभारी को दिए निर्देश
Deoli News 16 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नवनियुक्त मालपुरा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम बेनीवाल बुधवार को यहां देवली पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस उपअधीक्षक रामसिंह जाट समेत सर्कल के पुलिस प्रभारियों की बैठक ली और जरूरी निर्देश दिए।

उक्त बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बेनीवाल ने सभी थाना प्रभारी को मुस्तैद रहकर उपचुनाव में ड्यूटी करने को कहा। बेनीवाल ने चुनाव के दौरान अवैध शराब की तस्करी, शराब वितरण, आदर्श आचार संहिता की पालना पर नजर रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि आचार संहिता लगने के बाद समूचा पुलिस व प्रशासन चुनाव आयोग के निर्देशन में काम करेगा। लिहाजा किसी तरह की कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चुनाव के दौरान एफएसटी, एसएसटी टीम की भी जानकारी ली। चुनाव के मद्देनजर निष्पक्ष रहकर ड्यूटी करने को कहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बेनीवाल ने चुनाव के तहत हथियारों को थाने में रखने, उनकी जांच व दस्तावेज का अवलोकन करने के निर्देश दिए।
सभी प्रभारी को अपने स्टाफ के साथ नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। क्षेत्र में कानून व्यवस्था अपराध की स्थिति की समीक्षा के साथ ही साइबर ठगी, सेक्स एक्सटॉर्शन विषय पर भी उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे विषय पर पीड़ित सामाजिक छवि खराब होने की वजह से पुलिस तक नहीं पहुंचता। इसके अलावा सभी थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र के दुर्घटनाग्रस्त स्पॉट चिन्हित कर दुर्घटना रोकने के लिए बोर्ड आदि लगाने एवं लोगों को जागरूक करने की बात कही। बेनीवाल ने थाना क्षेत्र अनुसार अपराधियों की स्थिति, अपराध की संख्या व फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने की बात कही। वहीं अपराध पृष्ठभूमि वाले लोगों को पाबंद करने को कहा। इस दौरान पुलिस उपअधीक्षक रामसिंह जाट ने समूचे सर्कल की कानून व्यवस्था की बेनीवाल को जानकारी दी और बिंदुवार प्रश्नों का जवाब दिया। बैठक में देवली थाना प्रभारी राजकुमार नायक, दूनी थाना प्रभारी हेमंत जनागल, घाड़ व नासिरदा थाना प्रभारी भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम बेनीवाल पूर्व में देवली के थाना प्रभारी भी रह चुके हैं। उन्हें क्षेत्र के अपराध व अपराधियों की भली भांति जानकारी है। बैठक के बीच सर्कल के विभिन्न स्थानों में चल रही स्टाफ की कमी का मुद्दा भी उठा। थाना प्रभारियों ने अपने थाने में स्टाफ की कमी बताई और इसे पूरा करने का आग्रह किया।



