निर्धारित समयावधि में चुनावी कार्य पूर्ण करने के निर्देश
Desk News 13 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) डॉ. सौम्या झा ने मंगलवार को लोकसभा आम चुनाव-2024 के लिए गठित उपखंड अधिकारी, प्रकोष्ठ प्रभारियों और सह-प्रभारी अधिकारियों की कलक्टर कक्ष में बैठक ली।
इस दौरान जिला कलक्टर ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों द्वारा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित समयावधि में चुनावी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को प्रशिक्षण और सेल के गठन के लिए आवश्यक कार्मिकों व अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में चुनाव संपन्न करवाना सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
टीम भावना के साथ काम करें प्रभारी व कर्मचारी
सभी प्रकोष्ठ प्रभारी पूर्ण समन्वय के साथ एक टीम की तरह कार्य करें। सभी प्रकोष्ठ प्रभारी अपने प्रकोष्ठ के कार्मिकों की बैठक लें और आवश्यक प्रशिक्षण कार्य पूरा करवाएं। प्रशिक्षण कार्य समय पर शुरू हो और समय पर समाप्त होना चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता की घोषणा के साथ ही 24, 48 और 72 घंटों की अवधि में किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा करते हुए संबंधित विधानसभाओं के एआरओ एवं प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रभारी अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और शेड्यूल तैयार करने के निर्देश दिए।



