मंदिरों व नदी किनारे हुआ दीपदान
Deoli News 5 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) कार्तिक पूर्णिमा के पावन मौके पर बुधवार को देवली क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने सरोवर और नदियों में स्नान कर पुण्य कमाया और आस्था व्यक्त की।
इस दिन को देव दीपावली के रूप में भी मनाया गया। बीसलपुर बांध स्थित बनास नदी में हजारों श्रद्धालुओं ने कार्तिक पूर्णिमा पर डुबकी लगाई और भगवान शिव के गोकर्णेश्वर महादेव के दर्शन किए। इसी तरह बोयड़ा गणेश जी स्थित बनास नदी में भी बुधवार सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर कई श्रद्धालुओं ने व्रत-उपवास रखा। शहर के कुचलवाड़ा रोड स्थित विद्युत निगम परिसर में विराजमान श्री सांवरिया सेठ मंदिर परिसर में महिलाओं ने विशेष भजन-कीर्तन किया।
भजनों पर महिलाओं ने नृत्य कर भगवान को प्रसन्न किया और उनका गुणगान किया। देव दीपावली के मौके पर कई धार्मिक स्थलों पर दीपदान के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। बोयडा गणेशजी एवं बीसलपुर बांध स्थित नदी किनारे संध्या में श्रद्धालुओं ने दीपदान किया।
अभद्रता की तो महिला ने दिखाया रोद्र रुप, फिर दे दना दन चप्पलों से शराबी को पीटा, देखिए Video


