8 दिनों तक निकला नगर कीर्तन
Deoli News 5 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के श्रीगुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में बुधवार को सभी गुरु घर की साध संगत द्वारा गुरु नानक जयंती (प्रकाश पर्व) का पावन पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया।
गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान हरिदास ने बताया कि इसे लेकर गत 8 दिनों से रोजाना सुबह 5 बजे से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। यह कीर्तन शहर की कई कॉलोनियों और मुख्य मार्गों से होता हुआ गुरु घर में समाप्त होता था। नगर कीर्तन में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने हिस्सा लिया। सुबह की पहली किरण के साथ ही गुरु नानक के नाम का जाप कर शहर की गलियों और बाजारों को गुंजायमान किया गया। गुरु नानक की 556वीं जयंती पर सुबह से ही संगत का आना शुरू हो गया था। स्थानीय गुरुद्वारा के ज्ञानी द्वारा गुरु नानक देवजी की महिमा का वर्णन किया गया, जिसे सुनकर संगत निहाल हो गई। दोपहर को लंगर आयोजित हुआ, जिसमें सभी साध संगत ने बढ़-चढ़कर सेवा दी।
जयंती आयोजन में शहर की सभी गुरु घर की साध संगत मौजूद थी। शाम को भी गुरु की महिमा सुनाई गई। लोगों ने अपने घरों में दीप जलाकर और आतिशबाजी कर प्रकाश उत्सव को मनाया और सभी ने गुरु नानक जयंती की बधाइयाँ दी।


