स्थानीय थाने के 3 प्रकरणों में वांछित था आरोपी
Deoli News 31 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस ने कालबेलिया गैंग के मुख्य शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रामफुल पुत्र भंवर लाल कालबेलिया नाथ निवासी बागरिया ढाणी तहसील के पीछे फागी, थाना फागी जिला जयपुर ग्रामीण है। जबकि पूर्व में एक आरोपी रामस्वरूप कालबेलिया गिरफ्तार हो चुका है।
थाना प्रभारी दौलत राम गुर्जर के अनुसार वह एक साल से अधिक समय से फरार था और उसके खिलाफ देवली थाने में तीन मामले दर्ज थे। आरोपी अपने साथियों के साथ दिन में रैकी करता था और रात को सोते समय बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों के कान में पहने सोने के आभूषण छीनकर ले जाता था। वह सुनसान जगहों और जंगलों में अकेली महिलाओं को देखकर नाक की बाली और कान के टॉप्स, झुमरिया तोड़कर फरार हो जाता था। आरोपी के खिलाफ देवली थाने में तीन मामले दर्ज हैं, जिनमें उसने बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों के कान में पहने सोने के आभूषण छीने थे।
पुलिस अधीक्षक टोंक राजेश कुमार मीणा के निर्देश पर एक टीम गठित की गई थी, जिसमें दौलत राम गुर्जर पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी, एएसआई दिलीप सिंह, अब्दुल वहाव, इस्माइल, करतार और अन्य शामिल थे। टीम ने फागी, दूदू, मालपुरा, केकड़ी, टोंक और जयपुर में संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी बार-बार अपना स्थान बदल रहा था। गत 29 जुलाई को पुख्ता सूचनाओं के आधार पर आरोपी को पकड़कर गहन पूछताछ की गई और अपराध प्रमाणित होने पर उसे गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के खिलाफ फागी, लाम्बाहरिसिंह और देवली थानों में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी और मारपीट के मामले शामिल हैं। पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए कई जगहों पर दबिश दी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। आरोपी देवली में प्रताप नगर और चांदली की झोपड़िया में 2 वारदात कर चुका है। फिलहाल आरोपी को बापर्दा रखा गया है।


