Deoli News 12 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अटल उद्यान स्थित टीनशेड प्लेटफार्म चल रही संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन कथावाचक प्रिया किशोरी ने महारास के पांच अध्याय में गाए जाने वाले महारास प्रसंग सुनाया।
प्रिया किशोरी ने कहा कि जो भी श्रद्धालु पांच गीतों को भाव से गाता है, वह भवसागर पार हो जाता है। उन्होंने मथुरा प्रस्थान, कुब्जा का उद्धार, मामा कंस का वध, महर्षि संदीपनी के आश्रम में विद्या ग्रहण करना, कालयवन का वध, उद्धव गोपी संवाद, उद्धव द्वारा गोपियों को अपना गुरु बनाना, द्वारका की स्थापना के प्रसंग विस्तार पूर्वक सुनाए। श्रीकृष्ण भगवान ने रुक्मणी के सत्य संकल्प को पूर्ण कर रुक्मणी को भार्या के रूप में वरण कर प्रधान पटरानी का स्थान दिया। कथा के दौरान कृष्ण और रुक्मणी की गोपियों के साथ सजीव झांकी सजाई गई।
कृष्ण और रुक्मणी के जोड़े की महिला श्रद्धालुओं सहित पुरुषों ने पूजा की तथा विवाह महोत्सव मनाया। शुक्रवार को मुख्य यजमान अशोक दुबे व उनकी पत्नी ने पूजा की।


