नासिरदा पुलिस को मिली कामयाबी
Deoli News 22 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र की नासिरदा थाना पुलिस ने चोरी व नकबजनी करने के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके पास से चुराए गए आभूषण भी बरामद किए हैं। नासिरदा पुलिस को यह कामयाबी हाथ लगी है।
नासिरदा थाना प्रभारी कालूराम ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक देवली रामसिंह समेत उच्च अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में हो रही नकबजनी व चोरी की वारदात रोकथाम के लिए पुलिस ने टीम गठित की। उन्होंने बताया कि गत 16 अप्रैल को रामथला निवासी परिवादी रामेश्वर कुमावत पुत्र रामदेव कुमावत तथा मालेड़ा निवासी सांवरिया लाल पुत्र कैलाश प्रजापत ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि 15 व 16 अप्रैल की रात उनके मकान के अलग-अलग सुने कमरों में चोरों ने ताले तोड़कर सोने, चांदी के आभूषण व हजारों रुपए की नकदी चुरा ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तथा वारदात के डाटा एकत्रित किए।
पुलिस ने घटनास्थल से चिन्हित कर जांच शुरू की। पुलिस ने मुखबिर की मदद से सूचना एकत्रित कर आरोपी जोधाराम पुत्र हरचंदा मोग्या निवासी शिवाजी कॉलोनी थाना सदर टोंक व हाल निवासी मोग्या डेरा तन दूधिया बालाजी पक्का बंधा टोंक एवं लालाराम पुत्र मोहन मोग्या निवासी जंगल तन बघेरा, थाना केकडी को गिरफ्तार किया है तथा मामले में विस्तृत अनुसंधान किया गया। इसमें सामने आया कि आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर रामथला में तीन मकान, मालेड़ा में दो मकान में तथा रघुनाथपुरा व थाना केकडी शहर के मंडा तितरिया गांव में रात्रि के वक्त नकबजनी की वारदात की थी। पुलिस ने आरोपी लालाराम से मालेड़ा गांव में चुराए गए एक जोड़ी चांदी के पायजेब, सोने के कानों के टॉप्स बरामद किए हैं। इसी तरह आरोपी जोधाराम से मालेड़ा गांव में चुराए गई एक जोड़ी चांदी की पायजेब, चांदी की कनकती बरामद की है।
ऐसे करते हैं वारदात
थाना प्रभारी कालूराम ने बताया कि यह शातिर अपराधी रात्रि में सूने मकान को चिन्हित कर वारदात करते हैं। इससे पहले यह दिन में घूम कर सूने मकान की रेकी करते हैं तथा इनका चिन्हीकरण कर निर्धारित समय पर वारदात को अंजाम देते हैं। उन्हें बताया की कार्रवाई दल में सहायक उप निरीक्षक सीताराम, हेड कांस्टेबल हनुमान सिंह, पुलिसकर्मी अभिषेक, हरिराम, लालाराम, नितेश का सहयोग रहा। जबकि हेड कांस्टेबल अब्दुल वहाब व मोहम्मद इस्माइल का विशेष सहयोग रहा है।



