Deoli News 26 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सीआईएसएफ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र देवली में शनिवार को 8वें बैच हेड कांस्टेबल, जनरल ड्यूटी (स्पोर्ट्स कोटा) की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। समारोह में 8 प्रशिक्षणार्थियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर पासिंग आउट परेड में भाग लिया।

इन प्रशिक्षणार्थियों में दो बॉक्सिंग, एक कराटे, एक जूडो, एक कबड्डी, एक जिम्नास्टिक, एक हॉकी तथा एक कयाकिंग के खिलाड़ी शामिल हैं। समारोह के मुख्य अतिथि उपमहानिरीक्षक नरेंद्र देव आनंद ने परेड का निरीक्षण किया। सभी प्रशिक्षणार्थियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्साह के साथ परेड में भाग लिया। उप महानिरीक्षक ने सभी 8 प्रशिक्षुओं को कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। प्रशिक्षुओं ने राष्ट्र एवं संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करने की शपथ ली। उन्होंने प्रशिक्षुओं से कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा, अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ करने तथा राष्ट्र एवं संगठन के प्रति सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में अर्जित अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशीलता को सेवा के दौरान भी बनाए रखना चाहिए। साथ ही निरंतर सीखते रहने तथा शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ रहते हुए संगठन की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। परेड के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित अनुशासन, दक्षता, आत्मविश्वास प्रदर्शन का परिचय दिया।



