Deoli News 7 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के घोसी मोहल्ला स्थित बापू कॉलोनी की गणगौर मंडल की ओर से रविवार को बैंड बाजा के साथ जेलिया की शोभायात्रा निकाली गई। इस मौके पर महिलाओं ने सोलह श्रृंगार किया।
जानकारी के अनुसार गणगौर मंडल की महिलाएं बैंड बाजे के साथ घरों से रवाना हुई, जो यहां गांधी पार्क में पहुंची। यहां जेलिया सिर पर धारण कर महिलाएं बैंड बाजे के साथ मुख्य मार्गो से होकर रवाना हुई। शोभायात्रा में शामिल महिलाएं नाचती गाती चल रही थी। वही गणगौर ईसरजी की प्रतिमाएं भी महिलाएं लेकर चल रही थी। महिलाओं ने बताया कि शीतला सप्तमी से प्रतिदिन बिनोरा का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जबकि 11 अप्रैल को गणगौर की पूजा की जाएगी। इस मौके पर रविवार को गणगौर मंडल की महिलाओं की सामूहिक प्रसादी भी हुई। उल्लेखनीय है कि इन दिनों गणगौर पूजा परवान पर है। गली, मोहल्लों में गणगौर ईसरजी की पूजा की जा रही है। वहीं घरों में गणगौर पूजा को लेकर शकरपारे बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है।



