Deoli News 3 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी तहसील क्षेत्र के चारनेट पंचायत स्थित कोटड़ा गांव में शनिवार को खेतों में काम कर रहे किसानों को 8 से 10 फीट लंबा और कई किलो वजनी अजगर दिखाई दिया।
जिसे देखकर किसानों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर शिवराज गुर्जर, देवकिशन गुर्जर और भैरुलाल मीणा पहुंचे। उन्होंने सर्प रेस्क्यू टीम को बुलाया। ढीकला से गोपाल मीणा और सीताराम मीणा की रेस्क्यू टीम आई। यहां अजगर एक बबूल में छिपा था। पहले जाल बिछाकर और रस्सियों से अजगर को निकालने की कोशिश की गई। जब यह तरीका काम नहीं आया, तो टीम ने अजगर का मुंह पकड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद अजगर को पास के जंगल में छोड़ दिया गया।



