Deoli News 4 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी में राजकीय कन्या महाविद्यालय के समीप नवनिर्मित खाटूश्याम मंदिर में आयोजित मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत धार्मिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है।

मंगलवार रात से शुरू हुए चार दिवसीय ‘नानी बाई को मायरो’ प्रसंग में प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्ध खांडल ने संगीतमय कथा सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान पं अनिरुद्ध ने भक्त नरसी मेहता के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विश्वास, समर्पण और अटूट आस्था से ही हर कार्य सफल होता है। उन्होंने मार्मिक प्रसंगों के जरिए संदेश दिया कि भगवान पदार्थों के नहीं, बल्कि सच्चे भाव और प्रेम के भूखे होते हैं। बुधवार को विद्वान पं बृजमोहन शर्मा के सान्निध्य में 21 पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचकुंडीय महायज्ञ में आहुतियां दीं।
विशेष आकर्षण के रूप में खाटू से लाई गई अखंड ज्योत और बाबा श्याम की नई प्रतिमा के यज्ञ स्थल पर पहुंचते ही पूरा वातावरण जयकारों से गूंज उठा। यह अखंड ज्योत अब आजीवन मंदिर में प्रज्वलित रहेगी। महोत्सव के दौरान शिव पंचायत और हनुमानजी की प्रतिमाओं का जलाभिषेक भी कराया गया। इन सभी प्रतिमाओं की आगामी दिनों में विधि-विधान के साथ प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी, जिसे लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है।



