पुलिस ने तीन जनों को शांतिभंग में किया गिरफ्तार
Deolj News 10 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) थाना क्षेत्र में पनवाड़ में एक परिवार पर हथियारों से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार यह घटना 9 मार्च की है। दर्ज रिपोर्ट में पीड़ित रामबाबू नामा ने बताया कि रविवार की सुबह 11 बजे उनका बेटा अमित सड़क पर पानी से सफाई कर रहा था।
उनका मकान ढलान पर होने के कारण पानी नीचे की तरफ बह गया। इस बात को लेकर अजरुद्दीन के परिवार की महिलाओं ने अमित से गाली-गलौज की। वहीं उस समय मोहल्लेवासियों की समझाइश पर मामला शांत हो गया। लेकिन रविवार रात करीब 9:30 बजे अजरुद्दीन, मुनाज, धमत्ताप, शमीम, शब्बू और असलम हथियार लेकर रामबाबू के घर में घुस गए। आरोप है कि इन लोगों ने सरिए और लकड़ी से रामबाबू और उनके दोनों बेटों अमित और सुमित पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों की मदद से परिवार को बचाया गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने जाते समय धमकी दी कि वे बाहर से लोगों को बुलाकर उन्हें जान से मार देंगे। इस दौरान आरोपियों ने घर पर पथराव भी किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने तीन जनों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।



