-
13 जने गिरफ्तार, कई धाराओं में आयोजकों पर मामला दर्ज
-
हनुमान नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
-
गत 21 फरवरी को खुलनी थी लॉटरी
Deoli News 23 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के एक मकान में चिटफंड कंपनी की आड़ में इनामी कूपन बेच रहे दो जनों तथा वहां मौजूद 11 जनों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल उक्त लोगों के खिलाफ मुखबीर द्वारा पुलिस को सूचना मिली थी कि श्री श्याम सेवा समिति के नाम से इनामी कूपन बेचकर धनराशि एकत्रित कर लोगों के साथ करोड़ों रुपए की ठगी की जा सकती हैं।
गश्त कर रहे थानाधिकारी हीरालाल व हैडकांस्टेबल उस्मान, पुलिसकर्मी हनी को गत 21 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली कि डाक बंगले के पीछे एक मकान के बाहर लोगों की भीड़ लगी हुई है तथा लक्की ड्रा के नाम पर कूपन बेचने व खरीदने का काम किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
इन लोगों को किया गिरफ्तार
तब वहां पर शाहपुरा के काछोला निवासी हेमराज पुत्र मदनलाल मीणा व अमन पुत्र दीपक कुमार पारीक, मुकेश पुत्र शंकर लाल मीणा, नीरज पुत्र शैतान मीणा निवासी बिहाडा थाना पण्डेर, देवकिशन पुत्र मोतीलाल मीणा निवासी जीरा थाना पंडेर, धनराज पुत्र श्रवण लाल बैरवा निवासी बंथली थाना दूनी, राहुल पुत्र सुरेश सैन निवासी जीरा थाना पंडेर, भागचन्द पुत्र किशन लाल कहार निवासी बिहाडा थाना पंडेर, नीरज पुत्र शिवजीराम मीणा निवासी बंथली थाना दूनी, रवि पुत्र कजोड कहार निवासी गुलगांव थाना सावर व सीताराम पुत्र बन्नालाल जाट निवासी रोपा थाना परोली जिला शाहपुरा मिले, जिन्होंने पूछताछ में बताया कि वे सभी मकान के अन्दर श्रीश्याम लक्की ड्रा (उपहार योजना) ग्राम विजयगढ देवली के कूपन खरीदने आए है। पुलिस ने उक्त सभी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों ने बताया कि कमरे में आकाश पुत्र कजोड मल मीणा निवासी विजयगढ़ थाना दूनी तथा धनराज पुत्र दुर्गालाल मीणा निवासी टोकरावास थाना दूनी श्री श्याम लक्की ड्रा (उपहार योजना) ग्राम विजयगढ-देवली उपहार योजना के पैसे लेकर कूपन वितरित कर रहे हैं। जिसका रात्री में लक्की ड्रा खोला जाएगा। पुलिस ने मकान में प्रवेश किया तो कमरे में काफी संख्या में श्री श्याम लक्की ड्रा (उपहार योजना) की रसीद व रसीद बुक खाली, भरी व आधी खाली व स्टेपलर आदि सामान फर्श पर बिखरे हुए मिले।
संदिग्ध दस्तावेजों का पुलिस ने किया विश्लेषण
कमरे में बिखरे संदिग्ध सामान का विश्लेश्ण किया गया तो श्री श्याम सेवा संस्थान ग्राम विजयगढ जिला टोंक (राज) रजि.न. सीओओपी /2024 /टोंक /205831 की संस्था के नाम से काफी रसीदें छपी होना पाया गया तथा उसी संस्था के नाम से श्रीश्याम लक्की ड्रा (उपहार योजना) ग्राम विजयगढ देवली जिला टोंक राजस्थान के नाम पर रसीदें मिली।
251 रुपए में 115 इनाम का झांसा
यहां रसीद की 251 रूपए देने पर कुल 115 पुरस्कार के रूप में थार, स्कारपियो कार, ट्रेक्टर महिन्द्रा, अल्टो कार, बुलेट, पल्सर, स्पलेण्डर बाईक, स्कूटी एक्टिवा, आई फोन, एयर कंण्डीसनर, वासिंग मशीन, अलमारी, फ्रीज, सिलाई मशीन, गीजर, टेबिल फेन, सिलिंग फैन, स्मार्ट फोन के नाम से कूपन वितरण किए जाने की रसीद बुक व कूपन छपे हुए थे। लक्की ड्रा खोलने की अन्तिम तिथि 21 फरवरी समय रात 7 बजे अंकित होना पाया गया है। जिसमे नकद राशी व ऑनलाईन कूपन कटवाने की सुविधा फोनपे, गुगलपे से प्राप्त करना अंकित है। वहीं इनका आयोजक सोनिया मीणा, दीपक मीणा विजयगढ़ होना पाया गया है।

कूपन बेचकर एकत्रित करने थे करोड़ों रुपए
पुलिस ने बताया कि श्री श्याम उपहार योजना के द्वारा आयोजनकर्ताओं ने एक लाख कूपन छपवाए थे। प्रत्येक कूपन की कीमत 250 रुपए थी, जिसके आधार पर आयोजनकर्ताओं के पास ढाई करोड रुपए की राशि एकत्रित होनी थी। इसमें 50 प्रतिशत राशि एजेंटों को वितरित करनी थी तथा शेष 50 प्रतिशत राशि आयोजनकर्ताओं के पास शेष बचने की संभावना थी। पुलिस ने आरोपितों के विरूद्ध अपराध धारा धारा 406, 420, 120 बी भादस व धारा 4-5 ईन्न चीट फण्ड एवं धन परिचालन अधिनियम 1978 अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



