थाना पुलिस ने देखा मौका
Deoli News 20 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के प्रमुख लोक देवता देहलवाल महाराज मंदिर में बीती रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। यह पहला मौका नहीं है कि जब मंदिर में चोरी हुई है। इससे पहले भी तीन बार देहलवाल महाराज मंदिर में चोरी हो चुकी है।
जिन्हें पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी। वारदात को लेकर देहलवाल महाराज मंदिर समिति अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने थाने में रिपोर्ट दी है। वहीं सूचना पर देवली थाना प्रभारी भंवरलाल व पनवाड़ चौकी प्रभारी बद्रीलाल यादव मौके पर पहुंचे तथा वारदात जानकारी ली। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष की ओर से दी रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार रात चोरों ने देहलवाल महाराज मंदिर में रखें दो दानपेटी तोड़कर दानराशि चुरा ली। अनुमान है कि इन दानपेटी में करीब 40 हजार रुपए की दानराशि थी।
मंदिर ट्रस्ट से जुड़े रामदेव धाकड़ ने बताया कि यहां मंदिर में तीन चोर आए। जिन्होंने सरिया से दानपात्र तोड़ दिया। यह तीनों सीसीटीवी फुटेज में वारदात करते हुए नजर आ रहे है। रात 12 से 2 बजे तक करीब दो घंटे चोर यहां रुक रहे तथा वारदात को अंजाम देकर चले गए। चोरी का पता मंदिर पुजारी बृजेश पारीक के बुधवार सुबह 6 बजे पहुंचने पर लगा। जहां दोनों दानपात्र टूटे हुए मिले। ट्रस्ट की रिपोर्ट पर पुलिस मामला दर्ज कर रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी तीन बार अज्ञात चोर सिरोही स्थित उक्त मंदिर में वारदात कर चुके हैं।



