घायल देवली चिकित्सालय में भर्ती
Deoli News 14 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जमीनी विवाद एवं उस पर अधिकार को लेकर सोमवार शाम दो पक्षों के करीब एक दर्जन लोग परस्पर भिड़ गए। उक्त टकराव में दोनों पक्षों के 10 जने घायल हुए हैं। जिन्हें देवली चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
वहीं इनमें दो जनों की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उन्हें अन्यत्र रेफर कर दिया है। देवली थाने के सहायक उप निरीक्षक करण सिंह ने बताया कि मामले में एक पक्ष के पृथ्वीराज मीणा, ईश्वरलाल मीणा, कैलाशी पत्नी कैलाश चंद व पार्वती पत्नी रामचंद्र मीणा निवासी इंद्रपुरा घायल हुए हैं। जिन्हें देवली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी तरह कैलाश चंद्र पुत्र भूरालाल रेगर, रमेश पुत्र नंदा राम रेगर, कुशाल पुत्र धर्मेंद्र रेगर निवासी प्रताप कॉलोनी, अभिषेक पुत्र चंद्रपाल रेगर, चंद्रपाल पुत्र भूरालाल रेगर मुकेश पुत्र कैलाश चंद्र रेगर सभी निवासी प्रताप कॉलोनी घायल हुए हैं। इनमें चंद्रपाल और अभिषेक गंभीर घायल होने के चलते उन्हें तत्काल रेफर कर दिया गया है। यह दोनों हमले में बुरी तरह जख्मी हुए हैं, जो अचेत भी है। थाना प्रभारी देवली राजकुमार नायक के अनुसार जमीनी विवाद को लेकर इंद्रपुरा स्थित खेत पर यह विवाद हुआ।
पुलिस के अनुसार उक्त विवाद में लाठी व धारधार हथियार होने का अनुमान है। जिसकी वजह से घायलों के गंभीर चोटे आई है। पुलिस के अनुसार यह मामला करीब 18 बीघा जमीन के अधिकार को लेकर हुआ। हालांकि यह प्रकरण करीब 55 वर्ष पुराना है। लेकिन पिछले दो-तीन सालों से यह विवाद उभर गया। वहीं दोनों पक्ष सोमवार शाम रंजिश को लेकर भिड़ गए। उक्त टकराव के बाद कुछ लोगों को देवली अस्पताल लाया गया। जबकि पुलिस मौके पर रवाना हुई तो सड़क पर ही दो जने गंभीर घायल मिले। जिन्हें पुलिस लेकर अस्पताल रवाना हो गई। पुलिस मामले में पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट ले रही है। वहीं उक्त विवाद की सूचना पर लोगों की अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि दोनों पक्ष जमीन के अधिकार को लेकर उलझे हैं।



