Deoli News 23 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बसंत पंचमी के पर्व पर नामदेव छीपा समाज देवली की ओर से शुक्रवार को कलश एवं शोभायात्रा निकाली गई। इस मांगलिक अवसर पर आराध्य देव संत शिरोमणि नामदेव महाराज की मनमोहक झांकी सजाई गई।
शोभायात्रा का शुभारंभ समाज के अध्यक्ष महेंद्र मेड़तवाल के यहां से हुआ। यात्रा के दौरान सबसे आगे बैंड-बाजे धार्मिक धुनों के साथ कीर्तन और भजन प्रस्तुत कर रहे थे। समाज के मीडिया प्रभारी राजेश नामा ने बताया कि समाज की महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में अपने सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं। वहीं, छीपा समाज के युवा ‘जय विठ्ठल-जय नामदेव’ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। आयोजन में देवली ब्लॉक के छीपा समाज के सैंकड़ों महिला-पुरुषों ने शिरकत की। शोभायात्रा में विशेष रूप से नामदेव छीपा समाज हितकारिणी सभा टोंक के जिला अध्यक्ष सत्यनारायण नामा सहित कई लोग शामिल हुए।

शहर के विभिन्न मार्गों पर स्थानीय लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा का समापन गंगा गोरिया बालाजी मंदिर परिसर में हुआ। समापन पर भगवान नामदेवजी को भोग लगाया।


