फिल्टर प्लांट के पंप सेट डूबे
Deoli News 6 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जलदाय विभाग की ओर से प्रतिदिन होने वाली जलापूर्ति मंगलवार सुबह शहरी क्षेत्र में नहीं हुई। इसकी वजह से लोग नलों से पानी आने का इंतजार करते रह गए। वही जानकारी नहीं होने से लोगों को परेशानी हुई।
तय समय तक पानी नहीं आने के बाद लोगों ने पूर्व में रखें स्टोरेज पानी व बोरिंग के पानी से काम चलाया। दरअसल पिछले दो तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। विभागीय सूचना के अनुसार लगातार बारिश से पटेल नगर स्थित फिल्टर प्लांट में पानी भर गया तथा पंप सेट पानी में डूब गए। इसके चलते सोमवार को दिन भर कर्मचारियों ने पानी खाली करने एवं मोटर की मरम्मत करने में लगा दिया। इससे शहर के कई इलाकों में सोमवार शाम के वक्त होने वाली जलापूर्ति भी नहीं हुई। इधर, मंगलवार सुबह विवेकानंद कालोनी समेत शहर की कई इलाकों में नलों से पानी नहीं आया। लोग पानी का इंतजार करते रहे। कनिष्ठ अभियंता देवली शहर हीना का कहना है की बारिश की वजह से पंप सेट पानी में डूब गए। इस वजह से दोनों वक्त जलापूर्ति नहीं हो पाई। कर्मचारी इसी काम में जुटे हैं। पंपसेट के वार्निश आदि किया जा रहा है।
सूचना नहीं मिलने से परेशान रहे लोग
लोगों का कहना है कि बारिश समेत प्राकृतिक आपदा किसी के हाथ में नहीं है। लेकिन विभागीय अभियंता जलापूर्ति नहीं होने की कभी सूचना नहीं देते हैं। ऐसे में लोग तय समय पर पानी का इंतजार करते हैं। लेकिन जलापूर्ति नहीं होने से वह पूर्व में रखे बर्तन भी खाली कर देते। जिससे उन्हें किल्लत का सामना करना पड़ता है। यदि विभाग मीडिया व अन्य जरिए लोगों को सूचना दे तो आमजन सावचेत रहेगा। वहीं लोगों को जलापूर्ति के लिए इधर-उधर मालूम करने की जरूरत नहीं होगी। लेकिन विभाग या अभियंता का इस ओर ध्यान नहीं है।



