Tuesday, May 19, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskजलापूर्ति ठप, भीषण गर्मी में पानी को मोहताज ग्रामीण

जलापूर्ति ठप, भीषण गर्मी में पानी को मोहताज ग्रामीण


Deoli News 18 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली के प्रदीप नगर वार्ड नंबर 5 में जल जीवन मिशन के तहत डाली गई पाइपलाइन पिछले दो सालों से पूरी तरह बंद पड़ी है, जिससे स्थानीय निवासी भीषण गर्मी में पीने के पानी के संकट से जूझ रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों और ठेकेदारों ने अपने निजी स्वार्थ के लिए मुख्य पाइपलाइन को दूसरी कॉलोनियों से जोड़ दिया है, जिससे अंतिम छोर पर होने के कारण प्रदीप नगर तक पानी की एक बूंद भी नहीं पहुँच पाती है। परेशान होकर ग्रामीणों ने सरकार के 181 पोर्टल पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन बिना समाधान किए ही उसे बंद कर दिया गया। क्षेत्र की दूरी मुख्य शहरी पेयजल पाइपलाइन से मात्र 600 से 700 मीटर है, जिससे सीधे जोड़कर इस समस्या को तुरंत दूर किया जा सकता है। इस समस्या को लेकर पूर्व वार्ड सदस्य राजकुमार मौर्य, धर्मराज समेत वार्डवासियों ने जिला कलक्टर और क्षेत्रीय विधायक को पत्र सौपकर पेयजल किल्लत से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।

दूसरी उपतहसील नासिरदा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मालेडा के अंतर्गत आने वाली ढाणी भगवानपुरा में भी जल जीवन मिशन योजना का बुरा हाल देखने को मिल रहा है। इस क्षेत्र में पिछले दस दिनों से हर घर नल योजना के तहत होने वाली नियमित पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद है और जनता परेशान है। जब ग्रामीण जलदाय विभाग के अधिकारियों से संपर्क करते हैं, तो वे आजकल में काम होने का खोखला आश्वासन देकर अपनी इतिश्री कर लेते हैं। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा नियुक्त किए गए संविदा कर्मचारी पूरी तरह अपनी मनमर्जी चला रहे हैं और योजना के तहत गांव में लगाया गया आरओ प्लांट भी पिछले एक पूरे साल से बंद पड़ा है।

ग्रामीणों ने इस अव्यवस्था को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों को भी अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इस बदहाली को लेकर ग्रामीण रामप्रसाद सावरा, महादेव, सत्यनारायण, श्रवण, हेमराज और कमला कुमावत ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d