ग्रामीणों ने सौपा ज्ञापन, बिजली कटौती का भी किया जिक्र
Deoli News 14 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) समीप की देवली गांव पंचायत में व्याप्त बिजली व जलसंकट के निराकरण की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा को ज्ञापन सौपा है। साथ ही अपनी समस्या बताई।
ज्ञापन में बताया कि मौजूदा समय में भीषण गर्मी का दौर है। इस मौसम में लोगों को पर्याप्त पानी व बिजली की आवश्यकता होती है। लेकिन देवली गांव में बिजली कटौती की जा रही है। बिजली बंद रहने से लोगों को परेशानी हो रही है तथा निगम के कर्मचारी फोन भी नहीं उठाते। इसी तरह ग्रामीणों को जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में बताया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत देवली गांव में करीब 20 दिन से पानी नहीं आया। जिसकी वजह से लोग गर्मी में बेहद परेशान है। ज्ञापन सौपने में सरपंच शीला कवर, दिग्विजय सिंह शक्तावत, राजेश गुर्जर, सुनीता, रामसिंह मीणा, देवलाल, संतरा देवी समेत लोग शामिल थे।



