भाई ने लगाया ससुराल वालों पर हत्या का आरोप
Jahazpur News 9 फरवरी (आज़ाद नेब) शक्करगढ थाने के आमल्दा गांव में महिला अपने ही घर पर फंदे से लटकी मिली। इस मौत पर मृतका के भाई ने ससुराल वालों पर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को रिपोर्ट दी है। मृतका का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड द्वारा किया गया है ओर एफएसएल टीम मौके पर पहुंच कर तथ्य जुटाएंगी।
थानाधिकारी श्रद्धा शर्मा ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली कि आमल्दा गांव में महिला अपने ही घर पर फंदे से लटकी है, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका गंगा पत्नी सुरेश खटीक है। पुलिस मौके पर पहुंची शव को जहाजपुर मोर्चरी में रखवाया गया। शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। महिला ने आत्महत्या की या हत्या हुई है मामले का अनुसंधान जारी है। मृतका के भाई महेंद्र खटीक ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहिन गंगा की शादी बाल्यकाल में सामाजिक रीति रिवाज अनुसार सुरेश पुत्र प्रभुलाल खटीक निवासी आमल्दा थाना शक्करगढ़ के साथ हुई थी। गौने की रस्म होने पर बहिन सुसराल आने जाने लगी और सुरेश से उसको दो पुत्र व एक पुत्री हुई। करीब एक वर्ष पूर्व से ही उनकी बहिन का पति सुरेश ससुर प्रभूलाल, सास रामधणी, देवर कमलेश, देवर संजय खटीक, उसकी पत्नी चन्दा देवी आए दिन सुरेश के काम-धन्धा शुरू करवाने की बात कहने लगे।
वही 5 लाख रुपए की गंगा के पीहर से मांग करने लगे। इसके लिए मना करने पर वह विवाहिता को परेशान करने लगे। करीब 15 दिन पहले भी दहेज की राशि मांग को लेकर गंगा के साथ उसके पति व सुसराल वालो ने मारपीट की। इसके बाद गुरुवार शाम 5 बजे गंगा के ससुर का फोन आया कि गंगा की मौत हो गई।
आरोप है कि अमाल्दा पहुंचने के बाद गंगा के ससुराल वालों ने उन्हें शव दिखाने से इनकार कर दिया। काफी गुजारिश पर शव दिखाया तो पीड़ित की बहिन गंगा के गले पर निशाना दिखे। वहीं शरीर पर कुछ चोटे भी थी।


