सरपंच ने लगाया आरोप
Deoli News 4 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ग्राम पंचायत बीजवाड़ में जल जीवन मिशन के तहत घर-घर कनेक्शन को लेकर कर्मचारी व ठेकेदारों के बीच आपसी टकराव है। इसकी वजह से ग्रामीणों को उक्त योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इसे लेकर ग्राम पंचायत सरपंच ने आरोप लगाए हैं।
वही उक्त योजना मजाक बनकर रह गई। बीजवाड़ सरपंच भंवरलाल कुमावत ने बताया कि ग्राम पंचायत में कनेक्शन के लिए ठेकेदार को कहा जाता है तो वह कहते हैं कि उन्हें ऊपर से आदेश नहीं है। वही अधिकारियों को इसकी शिकायत की जाती है तो वह कहते हैं कि उन्होंने ठेकेदार को निर्देश दे दिए है। जबकि हकीकत में दोनों के बीच तालमेल नहीं होने के चलते जल जीवन मिशन योजना मजाक बनकर रह गई। कनेक्शन नहीं मिलने से ग्रामीणों को पानी के लिए मोहताज होना पड़ रहा है। पानी को लेकर आए दिन झगड़ा होते हैं। आरोप लगाया कि उक्त योजना में जुड़े कर्मचारी ठेकेदार गंभीरता से काम नहीं कर रहे हैं। जिससे लोगों को घर-घर कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें कनेक्शन नहीं मिले तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।



