Deoli News 8 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नासिरदा में शनिवार को करियर मार्गदर्शन एवं प्रेरणा कार्यक्रम तथा प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित हुआ। जिस्म अलग-अलग प्रोफेशन से जुड़े व्यक्तियों ने मार्गदर्शन दिया।
यहां मुख्य वक्ता डॉ. प्रह्लाद धाकड़, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष मेडिसिन, आरयूएचएस मेडिकल कॉलेज जयपुर ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता के लिए आत्मानुशासन, ईमानदारी, धैर्य और मेहनत जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि व क्षमता के अनुसार लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करने की बात कही। इसी तरह राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी शंकर गुर्जर, अर्बन डेवलपमेंट ऑफिसर परशुराम सैनी तथा अधिशासी अभियंता विद्युत निगम केकड़ी अरुण जांगिड़ ने भी करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के संयोजक सुरेंद्र नामा भी मौजूद थे।
विद्यार्थियों ने वक्ताओं से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस दौरान सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। प्रधानाचार्य भगवान शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य और करियर के लिए सही दिशा देना था।



