प्रशासन से लगाई राहत की गुहार
Deoli News 12 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के रोडवेज बस स्टैंड परिसर के पीछे स्थित जनता कॉलोनी स्थित कचरा डिपो में आए दिन कचरा जलाने से लोगों को काफी तकलीफ हो रही है।
लोगों ने बताया कि इससे सांस लेने में तकलीफ रही है। उन्होंने बताया कि छोटे बच्चे और सीनियर सिटीजन को इस विषैले धुएँ से सबसे ज़्यादा तकलीफ हो रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस जहरीले धुएँ के कारण लोगों को लगातार सांस लेने में दिक्कत, आँखों में जलन और गले में खराश जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। खुले में कचरा जलाने से निकलने वाली विषैली गैसें हवा को प्रदूषित कर रही हैं, जिससे स्वास्थ्य आपातकाल जैसी स्थिति पैदा हो रही है। लोगों का कहना है कि वे इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
लोगों की मांग है कि जनता कॉलोनी उद्यान के पास बने अनाधिकृत कचरा डिपो को तुरंत हटाया जाए, खुले में कचरा जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, और नियमित रूप से कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोग कचरा जलाने को मजबूर न हों।


