-
वाहन, आभूषण और इलेक्ट्रॉनिक्स की भी हुई जमकर खरीदारी
-
शुभ मुहूर्त में नए वाहनों को घर लाए लोग
Deoli News 8 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दीपावली के पर्व पर रविवार को शहर के बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल बनी रही, जो देर शाम तक जारी रही। त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस दौरान सबसे अधिक भीड़ मिठाइयों की दुकानों पर रही। इसके अलावा आतिशबाजी, गन्ने की रेहड़ी, कपड़े, मिट्टी के दीपक, पूजन सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। शहर के पटवा बाजार, चर्च रोड, गौरव पथ, मुख्य बाजार, पुलिस थाना क्षेत्र, बस स्टैंड के बाहर, नेहरू मार्केट और पेट्रोल पंप चौराहे सहित प्रमुख बाजारों में दिनभर रौनक रही। शहर की करीब दो दर्जन मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भी दीपावली के लिए विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की खरीदारी की।

वहीं कई घरों में महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से बेसन की चक्की, मैसूर पाक, गुलाब जामुन और घरेलू कलाकंद सहित अन्य मिठाइयां तैयार कीं। दीपावली पर ज्वैलरी शोरूम में भी ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही। वहीं बच्चों में पटाखे खरीदने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। शहर में संचालित आतिशबाजी की दुकानों पर भी दिनभर ग्राहक पहुंचते रहे। इसके साथ ही कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्टेशनरी की दुकानों पर भी खरीदारी का दौर चला। स्टेशनरी दुकानों पर नए बही-खाते और कलम खरीदने के लिए व्यापारियों एवं ग्राहकों की भीड़ रही। लोगों ने परंपरा के अनुसार नए बही-खाते खरीदकर दीपावली पूजन की तैयारियां कीं।

वाहनों की खरीदारी को लेकर भी लोगों में उत्साह रहा। शहर के विभिन्न दोपहिया और चारपहिया वाहन शोरूम पर ग्राहकों ने अपनी पसंद और शुभ मुहूर्त के अनुसार नए वाहन खरीदे। वाहन खरीदने के बाद लोगों ने माल्यार्पण कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और नए वाहनों को घर लेकर पहुंचे। कुल मिलाकर दीपावली के अवसर पर शहर के बाजारों में दोपहर तक भी खरीदारी का उत्साह बना रहा और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर अच्छी रौनक देखने को मिली।



