Wednesday, April 15, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeAccident Newsदेवली के मुख्य बाजार में रोडवेज बस ने थार जीप को रौंदा

देवली के मुख्य बाजार में रोडवेज बस ने थार जीप को रौंदा

चालक की जगह परिचालक के हाथ में थी स्टेरिंग, मची अफरा-तफरी


Deoli News 8 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के व्यस्ततम मुख्य बाजार में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सड़क किनारे खड़ी थार जीप को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा होटल दुर्गा निवास के ठीक सामने हुआ।

जहां टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप की छत और पिछला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। गनीमत यह रही कि हादसे के समय जीप के भीतर कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जीप सावर क्षेत्र के पाड़लिया निवासी एक युवक की थी, जो सड़क किनारे वाहन खड़ा कर पास ही दुकान से सामान खरीद रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि श्रीमाधोपुर डिपो की यह बस स्टैंड की ओर से आ रही थी, जिसे जयपुर की ओर जाना था। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि हादसे के वक्त बस को उसका अधिकृत चालक नहीं, बल्कि परिचालक चला रहा था।

अनियंत्रित होकर बस ने जीप को पीछे से ऐसी टक्कर मारी कि जीप करीब 30 से 40 फीट दूर जा घिसटी। टक्कर की आवाज सुनकर बाजार में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और मौके पर जमकर हंगामा हुआ। सूचना मिलते ही देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस व जीप सहित दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां मामले को लेकर कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने शहर की यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की पोल खोलकर रख दी है।

व्यवस्था के लिए सफेद लाइनिंग की पालना जरूरी

स्थानीय लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि दुर्घटना स्थल के पास फल और सब्जी विक्रेता निर्धारित सफेद लाइन से काफी आगे सड़क पर कब्जा जमाए रखते हैं, जिससे रास्ता बेहद संकरा हो जाता है।

लोगों का कहना है कि न केवल मुख्य बाजार, बल्कि पेट्रोल पंप चौराहा और बस स्टैंड के बाहर भी यही हालात बने हुए हैं। यदि प्रशासन ने समय रहते इन विक्रेताओं को सफेद लाइन के पीछे पाबंद नहीं किया, तो भविष्य में ऐसे गंभीर हादसे जानलेवा साबित हो सकते हैं। लोगों ने बताया कि जिस जगह बुधवार को हादसा हुआ है, यहां सप्ताह में औसतन दो-तीन बार छोटे बड़े हादसे होते रहते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d