Deoli News 7 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मंगलवार को 108 एम्बुलेंस सेवा द्वारा जयपुर चुंगी नाका पर राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
एम्बुलेंस 108 के जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजकुमार सिंह चौहान ने बताया कि देवली में संचालित दोनों एम्बुलेंस गाड़ियों के सहयोग से इस विशेष कैंप का संचालन किया गया। शिविर के दौरान ईएमटी मोहम्मद वसीम खान और भीमराज मीणा ने अपनी सेवाएं देते हुए करीब 50 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। इस दौरान लोगों की ब्लड शुगर और बीपी (रक्तचाप) की निशुल्क जांच कर उन्हें मौके पर ही रिपोर्ट बताई। एम्बुलेंस कर्मियों ने जांच के साथ आमजन को गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए महत्वपूर्ण परामर्श भी दिए।
यहां मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों ने इस पहल की सराहना की और अपने स्वास्थ्य मानकों की जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य कर्मियों ने सभी को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और आपातकालीन स्थिति में 108 सेवा का लाभ लेने के प्रति जागरूक किया।


