रोडवेज बस स्टैंड को शहर से बाहर ले जाने और बाईपास पर प्रस्तावित नए निर्माण का विरोध
Deoli News 23 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम मुख्यालय द्वारा बजट घोषणा 2026-27 के क्रियान्वयन को लेकर देवली बाईपास पर कृषि मंडी के पास मुख्य सड़क पर करीब 7 हजार वर्गमीटर भूमि निःशुल्क आवंटित करने के लिए जिला कलक्टर टोंक को पत्र लिखा गया है।
इस निगम की इस मांग के सामने आते ही आमजन का विरोध शुरू हो गया। जबकि पथ परिवहन निगम का तर्क है कि वर्तमान में नगरपालिका द्वारा संचालित बस स्टैंड जनसुविधा और वाहन संचालन की दृष्टि से उपयुक्त नहीं है, लिहाजा बाईपास पर अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। दूसरी ओर इस आदेश के सामने आते ही स्थानीय व्यापारियों व आम लोगों में रोष फैल गया है। व्यापार महासंघ के तत्वाधान में स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बस स्टैंड को शहर से दूर स्थानांतरित करने से स्थानीय व्यापार पूरी तरह ठप हो जाएगा।

वहीं आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। बस स्टैंड को वर्तमान स्थान पर ही यथावत रखने की मांग को लेकर 25 मई शाम 4 बजे व्यापार महासंघ के अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ़ के नेतृत्व में सभी व्यापारी ममता सर्कल पर एकत्रित होंगे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। इसी तरह सोशल मीडिया पर भी बस स्टैंड को शहर से बाहर ले जाने पर विरोध शुरू हो गया। व्यापारियों का मानना है कि पहले भी कृषि मंडी के शहर से बाहर चले जाने की वजह से यहां का धंधा चौपट हुआ है।
ऐसे में बस स्टैंड के भी बाहर निर्माण होने से देवली के लोगों को परेशानी तो होगी ही शहर का व्यापार भी पूरी तरह खत्म हो जाएगा।


