व्यापारियों ने लिया सामूहिक निर्णय
Deoli News 3 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर की कृषि उपज मंडी के व्यापारियों ने आगामी पंचकल्याणक महामहोत्सव को भव्य व यादगार बनाने के लिए प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है।
व्यापार मंडल कृषि उपज मंडी देवली के अध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन ने बताया कि 6 से 11 फरवरी तक आयोजित होने वाले जैन समाज के इस विराट महोत्सव के सम्मान में सर्वसम्मति से 6 से 10 फरवरी तक संपूर्ण मंडी के सभी प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रखने का निर्णय लिया गया है। महोत्सव की गरिमा और सामाजिक एकजुटता को देखते हुए पंचकल्याणक समिति ने विशेष आग्रह किया है कि इस दौरान सभी व्यापारी और उनके मुनीम 11 फरवरी तक दोनों समय का भोजन आयोजन स्थल ‘अयोध्या नगरी’ में ही ग्रहण करेंगे। व्यापार मंडल द्वारा सभी संबंधित पक्षों को इस अवकाश और भोजन व्यवस्था की सूचना जारी कर दी गई है।
इस निर्णय को लेकर दिगम्बर अग्रवाल जैन समाज अध्यक्ष बंसीलाल जैन सर्राफ एवं पंच कल्याण समिति अध्यक्ष विनोद जैन (मोतीपुरा), कार्यक्रम संयोजक पंकज जैन सर्राफ समेत ने व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए उसे सकारात्मक पहल बताया है। उल्लेखनीय है कि शहर के ज्योति कॉलोनी स्थित अयोध्या नगरी में 6 दिवसीय पंच कल्याण प्रतिष्ठा महोत्सव और विश्व शांति महायज्ञ होने जा रहा है। इसे लेकर देवली में भव्य तैयारिया जोर शोर से चल रही है।



