Deoli News 3 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आवां स्थित श्री गोपाल चौक में सोमवार देर शाम खंड स्तरीय विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन को मुख्य वक्ता संत मनीष दास महाराज ने कहा कि मानव की दृष्टि बदलते ही पूरी सृष्टि में सुधार संभव है।
उन्होंने मातृशक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि जीजाबाई के समान अपनी संतान को संस्कारित करें, ताकि एक चरित्रवान पीढ़ी का निर्माण हो सके, सशक्त चरित्र से ही राष्ट्र सशक्त बनेगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में जसराम, अशोक, रामसागर मीणा और अन्य ने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्यों सहित पंच परिवर्तनों पर विस्तार से विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान अयोध्या के कारसेवक रामलाल गुर्जर और गणेश दाधीच का भगवा दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
साथ ही स्थानीय गौसेवकों का भी उत्साहवर्धन किया गया। गायिका माया भारती के भजनों ने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम संयोजक नवल किशोर पारीक सहित संरक्षक राधेश्याम चंदेल, बुद्धि प्रकाश साहू, राधेश्याम टेलर, श्रीकांत शर्मा, पुरुषोत्तम सोनी, निहाल सोनी, महावीर चतुर्वेदी और सत्यनारायण सैनी व दर्जनों स्वयंसेवकों का सहयोग रहा। प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह नरूका व प्रमोद स्वर्णकार ने बताया कि अतिथियों का यहां स्वागत किया गया।



