12 हजार 400 वर्ग मीटर भूमि का प्रस्ताव जाएगा राज्य सरकार को
Deoli News 30 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हाल में आए बजट सत्र में देवली के चिकित्सालय को क्रमोन्नत कर उप जिला चिकित्सालय बनाया गया है। इसी के साथ ही उप जिला चिकित्सालय की जमीन के लिए कवायद शुरू हो चुकी है।
लिहाजा देवली का नया सरकारी हॉस्पिटल अब जल्द बनेगा। सोमवार को नगर पालिका मंडल की साधारण सभा में उप जिला चिकित्सालय निर्माण के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव पारित लिया गया। इस प्रस्ताव में 12 हजार 400 वर्ग मीटर भूमि आवंटन का प्रस्ताव लिया गया। अधिशासी अधिकारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि यह भूमि जयपुर रोड पर म्हारो राजस्थान होटल से पूर्व बने नए रोड पर स्थित है। उक्त भूमि के खसरे नं 4240 वह 4279 है। प्रस्ताव के अनुसार यह भूमि करीब पौने 8 बीघा है। जिसे एनएचएम की टीम ने उप जिला अस्पताल के लिए चिन्हित किया था। यह टीम गत शनिवार को देवली आई। जिसने आसपास की कई जमीनों को विकल्प के तौर पर देखने के बाद उक्त जमीन का चयन किया है। इसके बाद चिकित्सा अधिकारी प्रभारी ने नगर पालिका को भूमि के लिए आवंटन के लिए आवेदन किया।
जिस पर साधारण सभा में 12 हजार 400 वर्ग मीटर भूमि का प्रस्ताव लिया गया। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि यह प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा। यदि यह प्रस्ताव राज्य सरकार स्वीकृत करती है तो उक्त भूमि पर नया उप जिला चिकित्सालय बनेगा। वहीं सरकार की स्वीकृति के बाद राजकीय अस्पताल के लिए नि:शुल्क भूमि दी जाएगी। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी देवली डॉ. राजकुमार गुप्ता का कहना है कि उप जिला अस्पताल के लिए 40.93 करोड रुपए का बजट स्वीकृत है। कई जमीन देखने के बाद फिलहाल यही उपयुक्त भूमि सामने आई है। फिर भी विभाग इस पर अंतिम निर्णय लेगा।


