Deoli News 28 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में एक अधेड़ व एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को सावर थाना क्षेत्र के पाडलिया निवासी सोनू कुमार पुत्र रामकिशन बलाई बाइक से देवली की ओर आ रहा था। इसी बीच नापाखेड़ा व मोरला चौराहे के बीच पेट्रोल पंप के समीप देवली की ओर से जा रही पिकअप ने बाइक के टक्कर मार दी। जिससे सोनू कुमार की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पिकअप चालक फरार हो गया। पुलिस ने नापाखेड़ा पुलिया सहित अन्य स्थानों पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरा के फुटेज से पिकअप का पता लगाया है तथा मृतक सोनू के चचेरे भाई बंटी कुमार पुत्र राधा कृष्ण बलाई की रिपोर्ट पर दुर्घटना का मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सौप दिया है।

घूमने निकले शिक्षक को टक्कर मारी
इसी प्रकार लुहारी गांव में शनिवार शाम भोजन खाकर घूमने निकले सरकारी शिक्षक शिवराज (57) पुत्र मोहनलाल कुम्हार के अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे शिवराज की मौत हो गई। पुलिस ने शिवराज के पुत्र राकेश कुमार द्वारा भेजी गई रिपोर्ट को लेकर अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया व शव परिजनो के सुपुर्द कर दिया है।



