“मोरला चौराहे के करीब हुआ हादसा”
Deoli News 15 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अजमेर मार्ग पर मोरला चौराहे के समीप शुक्रवार सुबह दो ट्रेलर की आमने-सामने की भिड़ंत में ट्रेलर सवार एक चालक की मौत हो गई। जबकि इसी ट्रेलर में सवार खलासी घायल हो गया। जिसका देवली चिकित्सालय में उपचार कराया गया।
हनुमान नगर थाना प्रभारी हीरालाल ने बताया कि यह हादसा सुबह 6:15 बजे करीब हुआ। उक्त हादसा सागर होटल के समीप हुआ। जहां दो ट्रेलर आमने-सामने से भीड़ गए। इनमें एक ट्रेलर रेल के एक्सेल से भरकर मुरादाबाद से चेन्नई जा रहा था। हादसे में इसमें सवार चालक कुलदीप पुत्र नाथू चौधरी निवासी बांदनवाड़ा थाना भिनाय गंभीर घायल हो गया। जिसे देवली चिकित्सालय लाने पर यहां से रेफर किया गया। लेकिन अजमेर ले जाते वक्त घायल कुलदीप ने बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि खलासी शौकत पुत्र लुकमान मुसलमान निवासी बांदनवाड़ा थाना भिनाय घायल हो गया। जिसका देवली चिकित्सालय में उपचार कराया गया।
जबकि दूसरे ट्रेलर में सवार चालक, खलासी के मामूली चोटे आई है। इस ट्रेलर में पत्थर भरे हुए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसा जबरदस्त हुआ। जिसकी वजह से ट्रेलर के परखच्चे उड़ गए तथा ट्रेलर के काफी हिस्से टूट कर बिखर गए। सूचना पर हनुमान नगर पुलिस पहुंची तथा क्रेन की मदद से वाहन को एक ओर कर यातायात सुचारु कराया गया। इस अवधि में यातायात कुछ देर बाधित भी हुआ।



