श्री कृष्णमय हुआ जन्माष्टमी पर्व, घर-घर सजे लड्डू गोपाल
Deoli News 17 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार शनिवार को उत्साह व धार्मिक भावना के साथ मनाया गया। इस वर्ष पहली बार बस स्टैंड परिसर में सांवरिया सेठ के दरबार की मनमोहक झांकी सजाई गई। इस मौके पर सांवरिया सेठ को माखन मिश्री का भोग लगाया गया।
राजेश थावरानी ने बताया कि भगवान सांवरिया सेठ का दरबार सजाया गया। आतिशबाजी की गई और केक काटा गया। इसी तरह शहर के एक दर्जन से अधिक मंदिरों में विशेष सजावट की गई। इनमें नीलकंठ महादेव मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, रामदरबार, गौशाला, बावड़ी बालाजी मंदिर, चौथ माता मंदिर और श्रीचारभुजा मंदिर प्रमुख हैं। राठौड़ तेलियान मंदिर, शिव मंदिर, बाबा रामदेव मंदिर और नृसिंह मंदिर में भी आकर्षक झांकियां सजाई गईं। बस स्टैंड के नीलकंठ महादेव मंदिर में करीब एक दर्जन विशेष झांकी सजाई जाएगी।

यहां ट्रस्ट अध्यक्ष संजय भारद्वाज, टीकम सेन, सुनील कुमावत, शिवराज, सुरेश गौतम, सत्यनारायण, पवन खत्री, पुजारी रिंकू पाराशर समेत ने झांकी सजाई। सर्वाधिक भीड़ बस स्टैंड परिसर स्थित मंदिरों में देखी गई। देवली पुलिस ने दर्शनार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा। शाम को बस स्टैंड से छतरी चौराहा तक एक तरफ का मार्ग पैदल यात्रियों के लिए आरक्षित किया गया। देवली गांव में सप्तमी को ही कृष्ण जन्मोत्सव मनाने की परंपरा है। श्री चारभुजानाथ मंदिर में भजन संध्या का आयोजन हुआ। लक्ष्मी मार्केट में श्याम परिवार संस्था ने भी भजन संध्या का आयोजन किया।
रात्रि 12 बजे सभी मंदिरों में आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। उधर, नेकचाल रोड पर कॉलोनी निवासी मोहनलाल साहू, रोहित साहू ने सांवरिया सेठ की झांकी सजाई और भोग लगाकर खीर, पंजीरी का प्रसाद वितरित किया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल आरटीसी परिसर में भी झांकियां सजाई गई। श्याम नगर में प्रीति अजमेरा ने कॉलोनी निवासी महिलाओं, लोगों को एकत्र कर केक काटा।



