Deoli News 17 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के संथली-राजमहल मार्ग पर करीब दो करोड़ की लागत से बन रही पुलिया का निर्माण अंतिम चरण में होने के बावजूद ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

पुलिया के एक ओर निजी खातेदारी की भूमि होने के कारण मिट्टी भराव का काम अटका हुआ है, जिससे आगामी बरसात में मार्ग अवरुद्ध होने और नवनिर्मित ढांचे को नुकसान पहुंचने की पूरी आशंका है। स्थानीय ग्रामीण परशुराम जाट सहित अन्य ग्रामीणों ने गत दिनों नयागांव व राजमहल में आयोजित ग्राम विकास रथ शिविर के दौरान विधायक राजेंद्र गुर्जर और उपखंड अधिकारी को इस समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने पुरजोर मांग की है कि विभाग नियमानुसार भूमि का अधिग्रहण कर मिट्टी भराव का कार्य समय रहते पूर्ण करे, ताकि बारिश में आवागमन बाधित न हो।



